मुजफ्फरनगर।महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति-5.0 अभियान के तहत जिले भर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की एण्टी रोमियो टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, गांवों, कस्बों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया।

इस दौरान टीमों ने पंपलेट, पोस्टर और जनसंवाद के माध्यम से महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं जैसे डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102 और एंबुलेंस सेवा-108 की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही जनसुनवाई पोर्टल और थानों में संचालित मिशन शक्ति केन्द्रों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

अभियान के दौरान एण्टी रोमियो टीमों ने महिलाओं को शासन की महिला-केंद्रित योजनाओं निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत योजना, महिला शक्ति केन्द्र योजना आदि के बारे में बताया और इन योजनाओं से अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से समाज में महिलाओं की सुरक्षा के प्रति विश्वास और जागरूकता का वातावरण तेजी से मजबूत हो रहा है। यह प्रयास न केवल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त नागरिक के रूप में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देगा।
