औरैया, 19 फरवरी (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ऊँचा में गुरुवार को सेंगर नदी में एक व्यक्ति का शव उतराता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। बाद में उसकी पहचान गांव निवासी 45 वर्षीय जगत सिंह पुत्र बच्चन लाल के रूप में हुई, जो पिछले तीन दिनों से लापता था।
जानकारी के अनुसार जगत सिंह निवासी बहादुरपुर ऊँचा गांव के बाहर नदी किनारे बने अपने पशु बाड़े में पशुपालन करते थे और अक्सर वहीं रात्रि विश्राम भी करते थे। परिजनों ने बताया कि मंगलवार की रात वह गांव स्थित घर से खाना खाकर पशु बाड़े में सोने के लिए गए थे, लेकिन बुधवार सुबह वह वहां नहीं मिले। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगा। इस पर मृतक के भाई लालता प्रसाद ने बुधवार को कोतवाली पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
गुरुवार शाम कुछ ग्रामीणों ने सेंगर नदी में एक शव को पानी में उतराते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। परिजनों को बुलाकर पहचान कराई गई, जिन्होंने शव की शिनाख्त जगत सिंह के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि दो दिन पहले एक व्यक्ति की गुमशुदगी दर्ज की गई थी, जिसका शव अब नदी में मिला है। प्रारम्भिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वह किसी तरह नदी में चला गया और डूब गया। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और किसी भी अन्य पहलू को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
