मनोज पाल
मुज़फ्फरनगर। थाना सिखेड़ा क्षेत्र के गाँव मिर्ज़ाटिल्ला में दो युवकों के बीच हुए मामूली झगड़े ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर आक्रोश का रूप ले लिया। ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी पर एकपक्षीय कार्रवाई और रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं।जानकारी के अनुसार, गाँव के कपिल पुत्र किशोर और रोहित पुत्र नीटू के बीच 23 अक्टूबर को पैसे के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई थी, जो मामूली मारपीट तक सीमित रही। इस दौरान किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना की सूचना सबसे पहले रोहित पक्ष ने 112 नंबर पर दी और चौकी पर लिखित सूचना भी दी थी।ग्रामीणों का आरोप है कि भंडूर चौकी प्रभारी फरीद अहमद ने पहले सूचना देने वाले पक्ष के खिलाफ ही कार्रवाई की। उन्होंने रोहित के पिता नीटू को उठाकर करीब तीन घंटे तक चौकी में बैठाए रखा, जबकि उनका विवाद से कोई संबंध नहीं था। बाद में चौकी प्रभारी ने रोहित पुत्र नीटू, नीतिन पुत्र धर्मपाल, ऋतिक पुत्र नाहर सिंह और बबलू पुत्र रामलाल का चालान कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने बिना वजह बबलू पुत्र रामलाल का चालान किया है, जबकी उसका तो इस मामले से कोई लेना देना भी नहीं था

मामला यहीं नहीं थमा। ग्रामीणों के अनुसार, करीब चार वर्ष पुरानी इंस्टाग्राम पोस्ट पर डमी रिवॉल्वर (लाइटर गन) के साथ फोटो को आधार बनाकर एसओजी टीम ने गाँव के तीन युवकों को पूछताछ के लिए उठा लिया। जांच के बाद टीम ने उन्हें निर्दोष पाया और छोड़ने के निर्देश दिए, लेकिन पुलिस ने उन्हें शाम 6 बजे से रात 9:30 बजे तक थाने में ही रोके रखा। इससे आक्रोशित ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाइक और कारों से बिजनौर सांसद चंदन चौहान के आवास पहुंच गए और अपनी नाराजगी जाहिर की।ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि चौकी प्रभारी फरीद अहमद बच्चों को छोड़ने के बदले ₹1 लाख की रिश्वत मांग रहे हैं। सांसद चंदन चौहान ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापति और इंस्पेक्टर सिखेड़ा से बातचीत कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बावजूद ग्रामीण एसएसपी आवास भी पहुंचे, जहाँ एलआईयू टीम ने सीओ नई मंडी राजू कुमार साव से उनकी वार्ता कराई।

इस दौरान ग्रामीणों ने मीरापुर विधायक मिथलेश पाल से भी संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। विधायक ने तत्काल एसपी संजय कुमार वर्मा से बात कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद ही ग्रामीण शांत होकर वापस लौटे।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापति ने देर रात सीओ नई मंडी राजू कुमार साव को जांच के आदेश दिए। सीओ ने रात करीब 12 बजे सिखेड़ा थाने पहुंचकर चौकी प्रभारी फरीद अहमद पर लगे आरोपों की जांच की।सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में एकपक्षीय कार्रवाई की पुष्टि के संकेत मिले हैं। अब सीओ की रिपोर्ट के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी। देर रात तक मिर्ज़ाटिल्ला के ग्रामीण शहर में डटे रहे और निष्पक्ष जांच की मांग करते रहे।ग्रामीणों का यह भी कहना है कि भाकियू ग्राम अध्यक्ष किशोर पुत्र लालसिंह, जो कपिल का पिता है, ने पुलिस को गुमराह कर अपने बेटे के पक्ष में कार्रवाई करवाई। फिलहाल पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
