सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि यह विद्यालय बच्चों को कक्षा 1 से 12 तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा। इससे न केवल स्थानीय छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य और करियर की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने मऊरानीपुर की शिक्षा जरूरत को समझा और क्षेत्र के बच्चों के लिए शिक्षा की नई क्रांति को संभव बनाया।
सांसद ने विशेष रूप से बताया कि अब तक मऊरानीपुर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अभाव के कारण छात्र राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में प्रतिस्पर्धा करने में कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। केंद्रीय विद्यालय के उद्घाटन से यह समस्या दूर होगी और बच्चों को बेहतर अवसर मिलेंगे।
स्थानीय जनता ने इस घोषणा पर अत्यधिक खुशी जताई और सांसद अनुराग शर्मा को उनकी मेहनत और समर्पण के लिए धन्यवाद दिया। लोगों का कहना है कि यह सौगात क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और मऊरानीपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
