कानपुर, 16 जून । सजेती थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग घाटमपुर सीएचसी पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
सजेती थाना क्षेत्र के जल्ला गांव निवासी गीता (30) की शादी साल 2023 में जगनाथपुर गांव निवासी सुमित के साथ हुई थी। सुमित एक निजी कंपनी में कार्यरत है। परिजनों के अनुसार गीता की तबीयत पिछले दो दिनों से खराब चल रही थी। आज अचानक उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद सास कल्पना और परिवार के अन्य लोग उसे उपचार के लिए घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद गीता को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ससुराल पक्ष ने मायके वालों को घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए और गीता की मौत पर सवाल उठाते हुए हत्या का आरोप लगाया। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
मायके पक्ष का आरोप है कि गीता की मौत सामान्य नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि गीता की तबीयत खराब होने के कारण उसे अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
