हर्षवर्धन सपकाल महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नियुक्त 

– विजय वडेट्टीवार को महाराष्ट्र में कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में नियुक्त करने को भी मंजूरी

नई दिल्ली, 13 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हर्षवर्धन सपकाल को तत्काल प्रभाव से महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी ने निवर्तमान अध्यक्ष नाना पटोले के योगदान की सराहना की है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आज शाम एक बयान में यह जानकारी दी।

नए प्रदेश अध्यक्ष बुलढाणा के पूर्व विधायक हर्षवर्धन सपकाल (57) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के करीबी माने जाने जाते हैं। सपकाल कई वर्षों से पार्टी के संगठनात्मक तंत्र का हिस्सा रहे हैं। वे कांग्रेस से जुड़े राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जो स्थानीय स्वशासन के सशक्तीकरण के लिए काम करता है। सपकाल अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव भी रहे हैं। उन्होंने गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में भी पार्टी के लिए काम किया है।

वेणुगोपाल ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने विजय नामदेवराव वडेट्टीवार को तत्काल प्रभाव से महाराष्ट्र में कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में नियुक्त करने की भी मंजूरी प्रदान कर दी है।

———–

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights