दुनिया की सारी प्रगति का आधार वेद है: अशोक तिवारी

महाकुम्भनगर,02 फरवरी (हि.स.)। दुनिया की सारी प्र​गति का आधार वेद है। विज्ञान के आधार पर आज दुनिया में जो कुछ भी विकास दिखाई दे रहा है वह वेदों का किंचित मात्र है। इसलिए इस पर शोध की आवश्यकता है। यह बातें विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय मंत्री व संत सम्पर्क प्रमुख अशोक तिवारी ने कही।

वह रविवार को महाकुम्भ मेला क्षेत्र के सेक्टर 18 स्थित विहिप के शिविर में आयोजित पांच दिवसीए वेद स्वाध्याय शिविर में बटुकों को संबोधित कर रहे थे।

अशोक तिवारी ने कहा कि वेद की विद्या विलुप्त के कगार पर पहुंच गयी थी। उत्तर भारत में वेद पढ़ने वालों का नितांत अभाव था इसलिए श्रद्धेय अशोक सिंहल ने वि​हिप की ओर से वेद विद्यालय शुरू करवाये।

उन्होंने वेद विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप ईश्वर की कृपा से वेद अध्ययन कर रहे हैं। कान्वेंट या अंग्रेजी माध्यम के स्कलू में आप क्यों नहीं गए यह नियति ही है। आप ऋचाओं को रचें।

विहिप के केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि विवेक से वेद समझा जा सकता है। विद्यावान या विद्वान बनना है। विवेकपूर्ण व्यवहार होगा तो विद्यावान बनेंगे। आचरण सुधारें। विद्या हमारे व्यवहार में आये। केवल शब्दों को रटने से कोई विद्वान नहीं बनता। व्यवहार में लाना साधना है।

विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय सह मंत्री हरिशंकर ने बताया कि वेद स्वाध्याय शिविर पांच दिनों तक चलेगा। इस शिविर में दिल्ली, नोएडा, वृन्दावन,काशी,अयोध्या,प्रयागराज व देव प्रयाग सहित 25 वेद विद्यालयों के विद्यार्थी आए हैं।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights