प्रयागराज, 23 नवम्बर । मण्डल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्ग निर्देशन में प्रयागराज मण्डल द्वारा सभी यात्रियों को उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ बिना टिकट यात्रा एवं अनबुक्ड लगेज पर अंकुश लगाने के लिए स्टेशनों एवं गाड़ियों में चेकिंग अभियान निरंतर चलाये जा रहे हैं।
इसी क्रम में रविवार को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक दिवाकर शुक्ला के सुपरविजन में टीम ने गाड़ी संख्या 12582 नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट में औचक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस गाड़ी में प्रयागराज जंक्शन-सूबेदारगंज के मध्य पोल संख्या 817 के निकट गाड़ी से उतारकर झाड़ियों में छुपाकर रखा गया 1450 किलोग्राम अनबुक्ड लगेज पकड़ा गया। इस सामान पर 32,815 रूपये जुर्माना लगाया गया।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान में बिना टिकट यात्रा करते हुए 9 यात्रियों को भी पकड़ा गया और इन यात्रियों से 6100 रूपये जुर्माना वसूल किया गया।
