नया साल अपने साथ कई बड़े बदलाव लेकर आया है। सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले सिलेंडर का दाम बढ़ा दिया है जिससे बाहर खाना-पीना महंगा हो सकता है। साथ ही कई कार कंपनियों ने गाड़ियां महंगी कर दी हैं। दूसरी तरफ आईजीएल ने पीएनजी की कीमत में कमी की है। यहां हम आपको आज से लागू हो रहे 10 बड़े बदलावों के बारे में बता रहे हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने नए साल पर अपने ग्राहकों को बड़ी खुशखबरी दी है। कंपनी ने घरेलू पाइप लाइन गैस PNG की कीमतों में 70 पैसे प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) की कटौती की है। इस कटौती के बाद दिल्ली में PNG की नई कीमत 47.89 रुपये प्रति SCM होगी। लेकिन 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर आज से महंगा हो गया है। IOC की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 111 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर अब 1691.50 रुपये का हो गया है। आज से पहले इसका दाम 1580.50 रुपये था।
सरकार PPF, सुकन्या समृद्धि और NSC जैसी छोटी बचत योजनाओं पर हर तिमाही ब्याज दरों की समीक्षा करती है। आरबीआई ने हाल में रेपो रेट में 0.25% की कटौती की थी। इसके बाद बॉन्ड यील्ड में गिरावट आई थी। इससे आशंका जताई जा रही थी कि 1 जनवरी से शुरू होने वाली तिमाही के लिए स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स यानी डाकघर योजनाओं पर ब्याज दरों में कटौती का ऐलान किया जा सकता है। लेकिन सरकार ने इसमें एक बार फिर कोई बदलाव नहीं किया है।कई कार कंपनियों ने नए साल पर अपनी गाड़ियों की कीमत में बढ़ोतरी की घोषणा की है।
हुंडई की गाड़ियों आज से 0.6 फीसदी महंगी हो गई हैं। इसी तरह रेनॉ इंडिया ने अपनी कारों की कीमतें 2% तक बढ़ाने की बात कही है। वहीं मर्सिडीज-बेंज इंडिया भी 2% तक कीमतें बढ़ाने की योजना बना रही है। JSW MG Motor India और निसान इंडिया ने भी जनवरी से इनपुट और लॉजिस्टिक्स की बढ़ती लागत के कारण लगभग 2-3% की बढ़ोतरी का संकेत दिया है।
फाइनेंशियल ईयर 2024-25 के लिए रिवाइज्ड और बिलेटेड आईटीआर फाइल करने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर थी। अगर आप अपना रिवाइज्ड ITR फाइल नहीं किया तो आपका टैक्स रिफंड लटक सकता है। अब आपको अपडेटेड रिटर्न भरना पड़ेगा जिस पर तगड़ा जुर्माना देना पड़ सकता है। इसे असेसमेंट ईयर खत्म होने के 48 महीने बाद तक भरा जा सकता है। इसमें आप पुराने घाटे का क्लेम नहीं कर सकते। इस पर पेनल्टी टैक्स देना पड़ता है।
