देश की सीमाओं को सुरक्षित कर लोकतंत्र को अधिक सुदृढ़ बनाने में सशस्त्र बलों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है : लोकसभा अध्यक्ष

नई दिल्ली, 06 मार्च (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को संसद भवन के स्टडी विज़िट पर आए राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज (एनडीसी) के पाठ्यक्रम सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सीमाओं को सुरक्षित कर लोकतंत्र को अधिक सुदृढ़ बनाने में हमारे सशस्त्र बलों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

ओम बिरला ने कहा कि साढ़े सात दशकों की अपनी लोकतांत्रिक यात्रा में हमारे राष्ट्र ने अनेक चुनौतियों का समाधान किया है, तथा कई उपलब्धियां हासिल की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता पश्चात भारत की संसद देश की प्रगति और देशवासियों की उन्नति का सशक्त माध्यम रही है। संसद में लिए गए निर्णय, यहां के विमर्श, साझा संवाद, पारित विधेयकों ने देश के सामाजिक-आर्थिक-राजनीतिक विकास को सुनिश्चित किया है। आज भारत न सिर्फ विश्व का विशालतम लोकतंत्र है, बल्कि लोकतंत्र का पुरोधा भी है। दुनिया भर के देश हमारी विधायी प्रणाली-पद्धतियों का अध्ययन कर रहे हैं।

लोकसभा अध्यक्ष को यह जानकर खुशी हुई कि भारतीय सशस्त्र बलों, भारतीय सिविल सेवाओं, भारतीय पुलिस सेवाओं आदि के अधिकारियों के साथ ही एनडीसी-65 कोर्स में 32 देशों के प्रतिभागी भी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि संसद परिसर के इस दौरे से सभी कोर्स सदस्यों ने देश की सर्वोच्च विधायी संस्था की कार्यप्रणाली, इसके इतिहास और विरासत को अधिक निकटता से जाना है।

—————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights