किसान सम्मान समारोह 24 फरवरी को भागलपुर में होगा, प्रधानमंत्री करेंगे शिरकत

नई दिल्ली, 21 फरवरी (हि.स.)। किसान सम्मान समारोह 24 फरवरी को भागलपुर में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। शुक्रवार को कृषि भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह जानकारी दी।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देशभर के लगभग 9.80 करोड़ किसानों को पीएम किसान की यह राशि प्रधानमंत्री ट्रांसफर करेंगे। किसान योजना की पिछली 18वीं किस्त में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा 20,665 करोड़ रुपये दिए गए थे। अब 24 फरवरी को 19वीं किस्त में 22,000 करोड़ रुपये से अधिक राशि किसानों को सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसान कल्याण मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उत्पादन बढ़े, उत्पादन की लागत घटे, उत्पादन के ठीक दाम मिलें, फसलों के नुकसान की भरपाई हो, कृषि का विविधीकरण, प्राकृतिक खेती जैसे मिशन के अभियान, लागत घटे, इसके लिए महत्वपूर्ण योजना पीएम किसान सम्मान निधि योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2019 में प्रारंभ की थी।

उन्होंने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त प्रधानमंत्री 24 फरवरी 2025 को भागलपुर से सिंगल क्लिक से किसानों के खातों में अंतरित करेंगे। इस निधि से अभी तक लगभग 9 करोड़ 60 लाख किसानों के खाते में पैसा जाता था। कोई पात्र किसान छूट गया है तो उसका नाम जोड़ने की प्रक्रिया कृषि मंत्रालय चलाता रहा है। इस बार लगभग 9 करोड़ 80 लाख किसानों को 22 हजार करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भागलपुर के इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ बिहार के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित अन्य मंत्री भाग लेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन केवल बिहार में नहीं होगा बल्कि इसका हर स्तर पर आयोजन हो रहा है। ब्लॉक स्तर, ग्राम पंचायत स्तर पर राज्य सरकार आयोजन करेंगी।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देशभर में 731 कृषि विज्ञान केंद्रों में भी कार्यक्रम का आयोजन होगा। राज्यों के कृषि मंत्री और सांसदगण और विधायकगण अपने-अपने क्षेत्रों में इस कार्यक्रम से जुड़ने वाले हैं। इसका सीधा प्रसारण डीडी किसान, माय गव पर वेबकास्ट, यूट्यूब, फ़ेसबुक और देशभर के 5 लाख से अधिक कॉमन सर्विस सेंटर पर भी किया जाएगा। लगभग ढाई करोड़ किसान भौतिक और वर्चुअली इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत 6,000 रुपये तीन किस्तों में सीधे दिये जाते हैं। लगभग 3.46 लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में डाले गए हैं। 19वीं किस्त जारी होते ही कुल 3.68 लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में पहुंचेंगे। छोटे किसानों को बोवनी के समय खाद बीज की दिक्कत होती थी और उनको ब्याज पर राशि कर्ज लेकर जरूरत को पूरा करना पड़ता था। कृषि संबंधित जरूरी खर्च इस निधि से किसान पूरा करता है।

उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड पर अधिकतम 3 लाख रुपये किसान को मिलता था। अब वो सीमा बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है। हमने लगातार पात्र किसानों को लाभ मिले, इसके अभियान को चलाया है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के अतिरिक्त भागलपुर में कुछ और कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। बिहार के बरौनी में बरौनी डेयरी ने एक दुग्ध उत्पाद संयंत्र प्रारंभ किया जायेगा, जिसकी दूध प्रसंस्करण की क्षमता लगभग 2 लाख लीटर है। ये पशुपालन और डेयरी विभाग का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री मोतीहारी में सेंटर ऑफ एक्सिलेन्स का उद्घाटन करेंगे। इसके अतिरिक्त एक रेल लाइन 36.45 किमी, जिसकी लागत 526 करोड़ रुपये है, रेलवे ओवर ब्रिज का उद्घाटन करेंगे।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मखाना बिहार की प्रमुख फसल है। मखाना उत्पादकों को ऊर्जा मिले, इसके लिए मखाना बोर्ड स्थापित करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि वे 23 फरवरी को बिहार जायेंगे, सीधा इन उत्पादकों से चर्चा करेंगे और मखाना उत्पादक किसानों को और कैसे सुविधा दे सकते हैं, उन्हें दूर करने के लिए चर्चा करेंगे। यह चर्चा किसी हॉल में नहीं बल्कि तालाबों के किनारे ही करेंगे।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights