मुजफ्फरनगर | मुजफ्फरनगर की खतौली पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में सराहनीय कार्यवाही करते हुए पीड़ित के खाते से निकाली गई पूरी राशि वापस दिलाई है। साइबर हेल्पडेस्क थाना खतौली की त्वरित कार्रवाई से आवेदक को 1,09,999 रुपये की धनराशि पुनः प्राप्त हुई है।जानकारी के अनुसार, ग्राम चंदसीना निवासी रमेश पुत्र आशाराम ने 11 अक्टूबर 2025 को साइबर हेल्पडेस्क, थाना खतौली में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 1,09,999 रुपये निकाल लिए हैं।
शिकायत मिलते ही साइबर हेल्पडेस्क टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक को सूचित किया और संदिग्ध खातों को फ्रीज कराया।लगातार निगरानी और बैंक के सहयोग से पुलिस ने आज 18 अक्टूबर को पीड़ित के खाते में पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।मुजफ्फरनगर पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना बैंक विवरण, पिन, ओटीपी या सीवीवी नंबर किसी के साथ साझा न करें। साइबर फ्रॉड या धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या मुजफ्फरनगर साइबर सेल (9454401617) अथवा नजदीकी थाने स्थित साइबर हेल्प सेंटर से संपर्क करें।इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल पीड़ित को राहत दी है, बल्कि पुलिस के प्रति जनता के विश्वास को भी मजबूत किया है।
