सीतापुर , 19 फ़रवरी । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से खैराबाद नगर पालिका अध्यक्ष बेबी गुप्ता एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने लखनऊ स्थित 5 कालीदास मार्ग आवास पर मुलाकात की। नगर में संचालित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी । इनमें अमृत सरोवर सौंदर्यीकरण, अटल पार्क, गौरी देवी मंदिर में वंदन योजना के तहत कार्य तथा सफाई व्यवस्था प्रमुख रूप से शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि खैराबाद से जुड़े विकास प्रस्तावों एवं बड़ी परियोजनाओं को शासन स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जाएगी। अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने बस अड्डा निर्माण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के आधुनिकीकरण, भुईंया ताली तीर्थ स्थल के विकास, शीतला देवी, भुईंया ताली, गौरी देवी एवं पूर्वी देवी मंदिरों तक सुगम मार्ग व प्रकाश व्यवस्था, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, अन्त्येष्टि स्थल तथा नगर में स्टेडियम निर्माण की मांग रखी।
मुलाकात के दौरान अध्यक्ष की पुत्री अवंशिका भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने उनसे संवाद किया और बच्ची ने उन्हें गुलाब का फूल भेंट किया। खैराबाद नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने हिंदुस्तान समाचार से बताया कि मुख्यमंत्री से मिलकर खैराबाद नगरीय क्षेत्र में कई विकास योजनाओ की मांग की है। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए खैराबाद के समग्र विकास का भरोसा दिया ।
