मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को एक बार फिर केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला। जेल में बंद पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को निर्दोष बताते हुए कहा कि यदि वह भाजपा ज्वाइन कर लें, तो उन्हें तत्काल जमानत मिल जाएगी, लेकिन वह झुकने को तैयार नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि हम दिल्ली के अधिकार वापस लेकर रहेंगे। केंद्र सरकार दिल्ली सेवा कानून इसलिए लेकर आई है, क्योंकि केंद्र सरकार के ईडी और सीबीआई का डर अब कारगर नहीं रह गया है। सीएम ने आरोप लगाया कि भाजपा के एक नेता ने उन्हें धमकी देकर कहा था कि हम तुम्हें झुकाकर मानेंगे।

भाजपा 2024 में दिल्ली की सातों लोकसभा सीटें हारेगी। लोकसभा का आम चुनाव दिल्ली को पूर्ण राज्य के मुद्दे पर लड़ा जाएगा।

केजरीबाल ने विधानसभा में बोलते हुए आरोप लगाया है कि मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को गलत तरीके से फंसाया गया है। भाजपा सरकार चाहती है कि वह आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर लें।

दिल्ली सेवा कानून उन्हें झुकाने के लिए लाया गया, लेकिन दुनिया में किसी के माई के लाल में इतनी ताकत नहीं है कि वह अरंिवद केजरीवाल को झुका सके। मोदी जी दिल्ली वालों को हराना चाहते हैं। मैं बताना चाहता हूं, न तो दिल्ली वाले हारेंगे और न उनका बेटा हारेगा। डटकर मुकाबला करेंगे, उच्चतम न्यायालय से दिल्ली के हक में निर्णय आएगा, तब तक आपका एक भी काम रुकने नहीं देंगे।

दिल्ली के लोगों को हक दिलाऊंगा और उसके बाद आपके काम सौ के बजाए तीन सौ की स्पीड से काम होगा। केंद्र सरकार ने यह कानून लाकर असंवैधानिक तरीके से दिल्ली के अधिकारों को कुचला है। मोदी जी तीन रथ वाला घोड़ा लेकर चले हैं। इस घोड़े से उन्होंने कई राज्यों की सरकारें गिरा दीं।

मोदी जी ने दिल्ली सरकार को भी गिराने की कोशिश की। विधायकों के खरीदने की कोशिश की। जो उनकी पार्टी में शामिल हो जाता है, उसकी जमानत हो जाती है। दो घंटे के भाषण में उन्होंने एक बार भी नहीं बताया कि इस बिल से दिल्ली वालों का क्या लाभ होगा। वह बार-बार एक ही बात कह रहे थे, हमारे पास पावर है। संविधान ने आपको पावर दी है। आपके पास पावर तो सारी है,तो लोगों को मारोगे या फिर डुबाओगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights