अखिल भारतीय इंटर जोनल वेटलिफ्टिंग वूमेन चैंपियनशिप का हुआ आगाज़, सांसद राजीव भारद्वाज ने किया शुभारंभ

धर्मशाला, 14 फ़रवरी (हि.स.)।

भारतीय विश्वविद्यालय संघ एवं केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित की जा रही आल इंडिया इंटर जोनल वेटलिफ्टिंग वुमेन चैंपियनशिप का शुक्रवार को आगाज़ हुआ। चैंपियनशिप 14 से 17 फरवरी इंडोर स्टेडियम धर्मशाला में चलेगी। चैंपियनशिप का शुभारंभ कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डा. राजीव भारद्वाज ने किया। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन खिलाड़ी सोरोख़ैबम बिंधारानी देवी ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय विवि के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने की। चैंपियनशिप में देश भर के विभिन्न 78 यूनिवर्सिटीज के 320 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रही हैं।

वहीं बतौर मुख्यातिथि सांसद डॉ राजीव भारद्वाज ने कहा कि बेटियां आज देश को आगे ले जाने का कार्य कर रही हैं, तो इस कार्यक्रम में पहुंचकर मुझे भी गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। सांसद ने कहा कि बिंधारानी से भी बहुत से खिलाड़ी प्रेरणा लेकर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी खेल से मात्र मेडल ही नहीं जीतते हैं अपितु अनुशासन भी सीखते हैं, जोकि देश को आगे ले जाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने गुरु के महत्व बताने के लिए महाभारत के गुरु द्रोणाचार्य व उनके शिष्य अर्जुन व एकलव्य से सिख लेने की प्ररेणा की बात कही।

सांसद ने कहा कि ये मात्र खेल आयोजन नहीं भारतीय महिला शक्ति का समागम है। डॉ भारद्वाज ने खिलाड़ियों को लगातार संघर्ष की राह पर चलते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान केंद्रीय विवि धर्मशाला के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इससे पहले वर्ष 2023 में पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप, वर्ष 2022 में खो-खो और नेटबॉल प्रतियोगिता का बेहतर ढंग से आयोजन करवाया है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी केंद्रीय विश्वविद्यालय को आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के आयोजन का मौका मिला था, जिसे केंद्रीय विश्वविद्यालय ने बखूबी निभाया था। इसके चलते ही एक बार फिर केंद्रीय विवि बड़े आयोजन का जिम्मा संभाल रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights