तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव को एर्रावल्ली स्थित फार्महाउस पर गिरने के बाद हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव को कूल्हे में फ्रैक्चर होने की आशंका है। उन्हें शुक्रवार तड़के सोमाजीगुडा स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

केसीआर की बेटी कविता ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि उन्हें मामूली चोट लगी है और फिलहाल वह अस्पताल में विशेषज्ञों की देखरेख में हैं। लोगों के समर्थन और शुभकामनाओं से पिताजी जल्द ही बिल्कुल ठीक हो जाएंगे। सभी के प्यार के लिए आभारी हूं।

केसीआर की पत्नी शोभा, बेटी कविता और कुछ बीआरएस नेता अस्पताल में थे। 3 दिसंबर को बीआरएस के कांग्रेस पार्टी के हाथों सत्ता गंवाने के बाद केसीआर सिद्दीपेट जिले के एर्रावल्ली में अपने फार्महाउस पर रह रहे थे।

पिछले दो दिनों के दौरान बीआरएस नेता ने पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों और अन्य नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने उसी जिले में अपने पैतृक गांव चिंतामडका और अन्य स्थानों से फार्महाउस आए लोगों से भी मुलाकात की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights