ग्रीष्मावकाश के पूर्व नमामि गंगे ने बच्चों को दिलाई जल संरक्षण की शपथ
वाराणसी, 19 मई (हि,स,)। गर्मी की छुट्टियों के पूर्व सोमवार को नमामि गंगे ने भैरोनाथ स्थित वल्लभ विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें बच्चों के बीच पर्यावरण एवं जल संरक्षण पर आधारित प्रश्नोत्तरी हुआ। इस दौरान नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने बच्चों को पर्यावरण संबंधी जानकारी दी। बच्चों में पर्यावरण संरक्षण, जल व वायु प्रदूषण के कारक, कारण व निवारण पर प्रकाश डाला। पेड़ों की कमी के कारण चिलचिलाती धूप, पृथ्वी का गर्म होना तथा शुद्ध वायु में कमी जैसी समस्या उत्पन्न होगी। जल व वायु प्रदूषण से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरा एवं अन्य समस्या उत्पन्न होगी। इसके दुष्परिणाम से बचने के लिए पर्यावरण संरक्षण आवश्यक है। उल्लेखनीय है कि ग्रीष्मावकाश की वजह से विद्यालय में पठन पाठन नहीं होगा। इसलिए गर्मी की छुट्टियां को पर्यावरण संरक्षण के संदर्भ में उपयोगी बनाकर बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों ने इसके महत्व को जानकर पर्यावरण संरक्षण में हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया। पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रश्नों का सही उत्तर देने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्य मुक्ता पाण्डेय, संस्था की महानगर सहसंयोजक सारिका गुप्ता, पूनम शुक्ला आदि भी मौजूद रहीं।