ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ, देश-विदेश से पहुंचे योगाचार्य

देहरादून, 1 मार्च (हि.स.)। ऋषिकेश स्थित मुनि की रेती में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ हुआ। उच्च तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल और परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने दीप जलाकर महोत्सव की शुरुआत की। यह आयोजन 7 मार्च तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में योगाचार्य और योग साधक भाग ले रहे हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि योग महोत्सव साधकों को एक साझा मंच प्रदान करता है। उन्होंने योग को राष्ट्रवाद और आत्मविश्वास का प्रतीक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत ने योग को वैश्विक स्तर पर स्थापित किया है। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ योग भूमि के रूप में उभरता प्रदेश बताया।

परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान योग के महत्व को दुनियाभर में पहचाना गया। उन्होंने कहा कि योग और प्राणायाम ने वह कर दिखाया, जो दवाइयां नहीं कर पाईं। योग से व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।

देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उप कुलपति डॉ. चिन्मय पाण्डया ने कहा कि योग भारतीय ज्ञान-विज्ञान का सर्वाेच्च शिखर है, जिसको छूने से हम अपनी सम्भावनाओं के द्वार खोलते हैं। एम्स के हृदय रोग विषेशज्ञ डॉ. भानू दुग्गल ने कहा कि भारत में जंक फूड के कारण हृदय रोग व किडनी के रोग तेजी से फैल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कम उम्र के बच्चों में हार्ट अटैक होने के पीछे जंक फूड को ही प्रमुख कारण माना है।

ग्रैण्ड मास्टर अक्षर ने कहा कि योग व्यक्ति के जीवन को पूरी तरह से बदलने की सामर्थ्य रखता है। योगी के शरीर, मन व आत्मा में विशेष ऊर्जा होती है उसकी सुगन्ध भी पुष्पों की तरह महकती रहती है। इस मौके पर अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रोहिला ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि महोत्सव में देश-विदेश के सुविख्यात योगाचार्य योग का प्रशिक्षण भी देंगे।

कार्यक्रम में गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा, योगिनी उषा माता, स्वामीनारायण आश्रम के सुनील भगत, नगर पालिका मुनि की रेती अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, नगर पलिका तपोवन की अध्यक्ष विनीता बिष्ट, नगर पालिका स्वर्गाश्रम की अध्यक्ष बिंदिया अग्रवाल, गमविनि की महाप्रबंधक प्रशासन विप्रा त्रिवेदी मंच पर उपस्थित रहीं। महोत्सव के सफल आयोजन में गमविनि के महाप्रबंधक पर्यटन दयानंद सरस्वती, सहायक प्रधान प्रबंधक एस.पी.एस. रावत, वरिष्ठ प्रबंधक कार्मिक विश्वनाथ बेंजवाल, रघुवीर सिंह राणा, आर.पी. ढौंडियाल, दीपक रावत, गिरवीर सिंह रावत और मेहरबार सिंह रांगड़ सहित कई अधिकारी योगदान दे रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights