मीरापुर। शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंड्री स्कूल में हिंदी ओलंपियाड फ़ाउंडेशन के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन किया गया। कक्षा 1 से 11 तक के 64 विद्यार्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग कर हिंदी भाषा के प्रति अपने उत्साह और समर्पण को प्रदर्शित किया।परीक्षा का संचालन शिक्षिका गीता शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर शिक्षक गोविंद सिंह और अमित कुमार ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया, जबकि राशि अरोड़ा और कोकिल बर्नवाल ने सहयोग प्रदान किया।

प्रधानाचार्य पुनीत राजपूत ने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में भाषा के प्रति प्रेम व आत्मविश्वास को बढ़ावा देते हैं। विद्यालय के डायरेक्टर राजेश शर्मा ने प्रतिभागियों को सराहते हुए मेहनत और निरंतर अभ्यास का संदेश दिया।विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि छात्र इस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। उल्लेखनीय है कि हिंदी ओलंपियाड फ़ाउंडेशन द्वारा आयोजित यह परीक्षा एकमात्र ऐसी हिंदी प्रतियोगिता है, जिसे केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) तथा भारत सरकार के रक्षा और विदेश मंत्रालय से अनुमोदन प्राप्त है।
