सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत की। अखिलेश यादव ने कहा कि साल 2022 में अपना दल (कमेरावादी) से गठबंधन हुआ था, लेकिन टूट गया है। लोकसभा चुनाव-2024 में सपा और अपना दल कमेरावादी का गठबंधन नहीं हुआ।
अपना दल (कमेरावादी) की नेता कृष्‍णा पटेल ने यूपी की मिर्जापुर, फूलपुर और कौशांबी सीट से अपना प्रत्याशी उतारने का एकतरफा ऐलान किया था। बताया जाता है कि कृष्‍णा पटेल सपा से तीनों सीटें मांग रही थीं। सपा की तरफ से उनकी मांग पर कोई तवज्जों नहीं मिलने पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया था। इसी बीच बुधवार शाम सपा ने मिर्जापुर से अपना प्रत्याशी भी उतार दिया था।
तीनों सीटों पर प्रत्याशी उतारने की घोषणा करते हुए कृष्णा पटेल ने कहा था कि वह इंडिया गठबंधन का अब भी हिस्सा हैं और इंडिया गठबंधन के तहत ही तीनों सीटों पर अपना प्रत्याशी उतार रही हैं। माना जा रहा है कि कृष्णा पटेल ने सपा से बिना कोई बात किए ही प्रत्याशियों को उतारने का ऐलान किया है। इससे पहले यूपी में राज्यसभा चुनाव के दौरान पल्लवी पटेल और अखिलेश यादव के बीच तीखी बहस हुई थी। पल्लवी पटेल ने सपा प्रत्याशियों को वोट नहीं देने का साफ ऐलान कर दिया था। उनका विरोध राज्यसभा के सपा उम्मीदवार जया बच्चन, आलोक रंजन को लेकर था।
कांग्रेस से सीटों का तालमेल नहीं होने पर भी पल्लवी राहुल गांधी की यात्रा में पहुंच गई थीं। पल्लवी फिलहाल सपा की ही विधायक हैं। अखिलेश यादव ने कौशांबी की सिराथू सीट से अपने सिंबल पर पल्लवी पटेल को मैदान में उतारा था। जहां पल्लवी ने योगी सरकार में सबसे कद्दावर मंत्री केशव प्रसाद मौर्य को हराकर विधायक बनी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights