imd-rainfall-northwest-india

नई दिल्ली, 22 जून । दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा उत्तर-पश्चिम भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले चार दिनों के दौरान तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश के आसार हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जिससे तेज धूप से राहत मिलेगी। 23-24 जून को बादल छाए रहने के आसार हैं। तापमान में थोड़ी और गिरावट आएगी। अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। सुबह और दोपहर में 22-25 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से पश्चिमी हवाएं चलेंगी।

उल्लेखनीय है कि 22 जून को दोपहर या शाम के समय तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की बारिश के आसार थे।

आईएमडी के मुताबिक, अगले 48 घंटों के दौरान महाराष्ट्र, तेलंगाना और ओडिशा के अन्य हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं। इस सप्ताह उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, बिहार, ओडिशा और झारखंड में अगले 4-5 दिनों तक गरज के साथ बारिश और 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

उत्तर-पश्चिम भारत के हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 23-26 जून, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27-28 जून, पूर्वी राजस्थान तथा पश्चिमी राजस्थान में 23-28 जून के दौरान कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं, मध्य भारत, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिमी भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों में अगले छह दिनों के दौरान भारी वर्षा होने के आसार हैं। कोंकण और गोवा में 28 जून तक लगातार भारी बारिश होने के आसार हैं। इनमें से तटीय कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप और तेलंगाना में अगले कुछ दिनों तक बारिश होगी। कर्नाटक के तटीय इलाकों में 26-27 जून को भारी बारिश का अनुमान है। इसी दौरान कुछ और क्षेत्रों में तेज रफ्तार की हवाएं चलने की संभावना है।

इसी बीच कुछ राज्य भीषण गर्मी की चपेट में रहने के आसार हैं। विदर्भ (महाराष्ट्र) क्षेत्र में 22-26 जून के बीच भीषण लू चलने की चेतावनी है। साथ ही रातें भी काफी गर्म रहेंगी। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 जून तक, पूर्वी मध्य प्रदेश में 25 जून तक और छत्तीसगढ़ में 23 जून तक लू की स्थिति बनी रहेगी। झारखंड में भी 24-25 जून को लू चल सकती है।

————

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights