मुजफ्फरनगर | थाना नई मंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में 10 हजार रुपये के इनामी और थाना मंसूरपुर के हिस्ट्रीशीटर शातिर अपराधी निक्की पुत्र विजयपाल निवासी मंसूरपुर को पुलिस ने घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 315 बोर का तमंचा मय कारतूस बरामद किया गया है।एडीजी मेरठ जोन, डीआईजी सहारनपुर रेंज के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव तथा प्रभारी निरीक्षक बृजेश शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम भगीरथ चौक पर चेकिंग कर रही थी, तभी एटूजेड रोड की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वह अचानक यू-टर्न लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसने सहावली कट के पास मोटरसाइकिल मोड़ी, जहां तेज गति के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया। इसके बाद बदमाश जंगल की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश निक्की शातिर गौकश व चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर, मेरठ और बागपत जनपदों में गौकशी, लूट, चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना मंसूरपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और कई मामलों में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक संदीप सिंह धारीवाल, रोहताश सिंह, कांस्टेबल रोहित कुमार, मुनेश कुमार और नरेश कुमार शामिल रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights