हिंदू बताकर शादी करने, दहेज मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पांच पर केस

मुरादाबाद, 26 फरवरी (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना मझोला क्षेत्र निवासी महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल को दिए शिकायती पत्र में जिले के थाना भोजपुर क्षेत्र निवासी दूसरे धर्म के युवक पर खुद को हिंदू बताकर शादी करने, दहेज मांगने और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। एसएसपी के आदेश पर थाना मझोला पुलिस ने बुधवार को आरोपित युवक और उसके चार परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना मझोला के बुद्धि विहार की रहने वाली रूबी अग्रवाल ने एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी 28 फरवरी 2022 को राज उर्फ इकरार से हुई थी। महिला ने बताया कि वह राज उर्फ इकरार को सिर्फ एक साल से जानती थी और उसके साथ रिलेशन में थी। शादी के दो साल बाद पीड़िता को जानकारी हुई कि उसका पति राज उर्फ इकरार मुस्लिम है, जबकि राज ने उसे हिंदू बताकर शादी की थी। पीड़िता को यह भी पता चला कि राज उर्फ इकरार पहले से ही शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं। पीड़िता का आरोप है कि पति ने उसका तीन बार गर्भपात भी कराया। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति राज उर्फ इकरार, उसकी पहली पत्नी अफसाना, इसरार, राजा व जर्रार उसे लगातार धमकी दे रहे हैं कि दहेज में पांच लाख रुपये लाकर दो वरना तुम्हारे बच्चों को मार देंगे।

पुलिस से शिकायत के बाद समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं और बदले में एक लाख रुपये तथा पीपलसाना में 100 गज का प्लॉट मांग रहे हैं।

थाना मझोला एसएचओ मोहित चौधरी ने बताया कि मामले में एसएसपी के आदेश पर एक महिला समेत पांच नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights