मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज जड़ौदा में भारतीय रेल सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल के सब-इन्सपेक्टर विनित चौधरी ने छात्रों को रेल सुरक्षा के नियमों और सावधानियों के बारे में जानकारी दी। विनित चौधरी ने कहा कि रेलवे एक सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का साधन है, लेकिन इसके लिए छात्रों और समाज के लोगों को रेलवे सुरक्षा के नियमों का पालन करना आवश्यक है।

उन्होंने विशेष रूप से बताया कि जिन गांवों और कस्बों के पास से रेलवे ट्रैक गुजरता है, वहां ट्रैक पर मॉर्निंग वॉक या खेलकूद जैसी गतिविधियों से बचना चाहिए। कभी-कभी बच्चे चलती हुई ट्रेन पर पत्थर फेंक देते हैं, जिससे यात्री या चालक को गंभीर चोट लगने का खतरा रहता है। ऐसी गलत गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर जेल और जुर्माना दोनों हो सकते हैं।

उन्होंने अजनबियों से सावधानी बरतने और उनसे किसी भी प्रकार की खाने-पीने की वस्तु न लेने की सलाह भी दी। साथ ही आपातकालीन स्थिति में रेलवे कर्मचारियों की मदद लेने और रेलवे सुरक्षा बल की हेल्पलाइन नंबर 139 तथा महिलाओं के लिए 182 पर संपर्क करने की जानकारी दी।कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, और विद्यार्थी उपस्थित रहे। छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights