डबल इंजन की सरकार ने सहारनपुर को दी नई पहचान : सीएम योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान कार्यक्रम में हुए शामिल

सहारनपुर, 17 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सहारनपुर के वुड कार्विंग को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडेक्ट के माध्यम से वैश्विक मान्यता मिल रही है। आज दुनिया में करीब एक हजार करोड़ की कीमत के वुड कार्विंग प्रोडेक्ट का एक्सपोर्ट हो रहा है। सहारनपुर का वुड कार्विंग दुनिया के मार्केट में पहुंच रहा है। सहारनपुर को दिल्ली और लखनऊ से जोड़ने के लिए कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। जल्द ही सहारनपुर से दिल्ली का रास्ता मात्र पौने दो घंटे में पूरा किया जा सकेगा।

यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सहारनपुर में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत 365 उद्यमियों को ऋण वितरण में कही। उन्होंने कहा कि यहां पर मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय का निर्माण अंतिम दौर में है जबकि 10 साल पहले यहां विश्वविद्यालय का निर्माण एक कल्पना थी। वहीं मां शाकुम्भरी धाम का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। ऐसे में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होगी। सहारनपुर में एक अलग ही ऊर्जा देखने को मिलती है। उस ऊर्जा के साथ जब डबल इंजन की सरकार जुड़ती है तो सहारनपुर को एक नई पहचान प्राप्त होती है। मुझे यहां के ऊर्जावान उद्यमी, युवाओं और अन्नदाता किसानों से बहुत कुछ जानने और सीखने का अवसर प्राप्त होता है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कई उद्यमियों को ऋण का चेक, ओडीओपी के तहत वुड कार्विंग प्रोडक्ट बनाने के टूल्स और प्रमाण पत्र प्रदान किए। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवा उद्यमियों के लगाए गए ओडीओपी प्रोडेक्ट की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। स्टॉलाें पर जाकर प्रोडेक्ट की जानकारी हासिल की।

सरकार इसलिए नहीं बनाई जाती कि वह भाई भतीजा वाद करके लूट करे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोई सरकार इसलिए नहीं बनायी जाती है कि वह भाई भतीजावाद करके लूट खसोट करे बल्कि इसलिए बनायी जाती है कि वह आपकी पहचान और उद्यमिता का सम्मान करने के साथ उसे आगे बढ़ाए। पूरे प्रदेश में होली की खुशियां उत्साह और उमंग के साथ मनायी गयी। वहीं सरकार ने यूपी पुलिस के 60,244 आरक्षी पदों का झटके में रिजल्ट निकाल करके युवाओं के सपनों को उड़ान दी है। इस रिजल्ट में सहारनपुर के भी बहुत सारे युवाओं ने अपनी जगह बनायी है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 से 2017 के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में केवल 10,000 महिलाएं ही कार्य करतीं थीं जबकि हमने एक ही भर्ती में 12,000 से अधिक बेटियों को भर्ती किया है। इससे पहले भी 1,56,000 भर्ती की गई थी। वहीं पिछली सरकारों में भाई भतीजा वाद के अलावा कुछ नहीं होता था। पिछले साढ़े सात वर्षों में 7 लाख से अधिक नौजवानों को सरकारी नौकरी दी गयी है। इन भर्तियों में कोई भाई भतीजा वाद, जातिवाद, क्षेत्र और भाषा का आरोप नहीं लगा सकता है।

सीएम ने कहा कि अच्छा कार्य करने के लिए अच्छी नियत, सकारात्मक पहल और टीमवर्क चाहिए। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कोई उद्योग लगाना नहीं चाहता था। उस दौरान कस्बे के कस्बे खाली हो गए थे, प्रदेश से व्यापारी भाग रहा था। बेटियां स्कूल पढ़ने के लिए दूर के रिश्तेदारों और हॉस्टल में रहने के लिए मजबूर थीं। वहीं इन 8 वर्षों में बेटी, व्यापारी, आम नागरिक सभी सुरक्षित हैं जबकि माफिया और उनके गुर्गे असुरक्षित जरूर हुए हैं। आज प्रदेश देश में बड़ी अर्थव्यवस्था बन कर उभरा है।

युवा उद्यमी योजना केवल ऋण वितरण कार्यक्रम नहीं बल्कि साहूकार और सूदखोर से मुक्त कराना उद्देश्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नए उद्यमी तैयार किये जा रहे हैं। इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के माध्यम से शुरू हो रही है। इसके तहत पहले चरण में एक लाख युवाओं को बिना ब्याज का लोन दिया जा रहा है। अब तक 31,000 युवा उद्यमियों को लोन वितरण की कार्यवाही आगे बढ़ चुकी है। सहारनपुर में आज मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज बन रहे हैं। यहां बस स्टैंड, सिटी में जल भराव की समस्या का समाधान किया जा चुका है। सहारनपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की कार्यवाही चल रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी केवल ऋण वितरण कार्यक्रम नहीं है बल्कि सरकार उद्यमियों को साहूकार और सूदखोर से मुक्त कराना चाहती है।

इस अवसर पर मंत्री सुनील शर्मा, मंत्री राकेश सचान, मंत्री बृजेश सिंह, मंत्री जसवंत सैनी, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद्र शर्मा, विधायक राजीव गुंबर, कीरत सिंह, मुकेश चौधरी, देवेंद्र निम, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई आदि उपस्थित थे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की समीक्षा की और नीरीक्षण भी किया।

—————-

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights