नई दिल्ली, 27 मई । ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। वहीं यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के कारोबार के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। इसी तरह एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है।
अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान सेमीकंडक्टर स्टॉक्स में आई तेजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेक्टर से मिल रही सकारात्मक खबरों के कारण एस एंड पी 500 इंडेक्स और नैस्डेक रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने में सफल रहे। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.61 प्रतिशत की मजबूती के साथ 7,519.12 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 312.21 अंक यानी 1.19 प्रतिशत की उछाल के साथ 26,656.18 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। दूसरी ओर, डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 118.02 अंक यानी 0.23 प्रतिशत टूट कर 50,461.68 अंक के स्तर पर आ गया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 50,520.20 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.24 प्रतिशत की तेजी के साथ 10,491.39 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके विपरीत सीएसी इंडेक्स ने 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,173.11 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसी तरह डीएएक्स इंडेक्स 204.21 अंक यानी 0.81 प्रतिशत फिसल कर 25,184.89 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.83 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 5,028.80 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 219.45 अंक यानी 0.86 प्रतिशत टूट कर 25,380 अंक के स्तर पर आ गया है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल यह सूचकांक 1.24 प्रतिशत लुढ़क कर 6,130.19 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,099.23 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.21 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,963 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह निक्केई इंडेक्स 636.91 अंक यानी 0.98 प्रतिशत उछल कर 65,633 अंक के स्तर पर आ गया है। कोस्पी इंडेक्स ने आज बड़ी छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 370.82 अंक यानी 4.61 प्रतिशत की उछाल के साथ 8,418.33 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 1,186 अंक यानी 2.72 प्रतिशत की मजबूती के साथ 44,711.37 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 1.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,575.84 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
