एफआईएच हॉकी प्रो लीग: संघर्षरत भारतीय महिला टीम को बेल्जियम से मिली 0–2 की हार

एंटवर्प, 22 जून (हि.स.)। भारतीय महिला हॉकी टीम रविवार को बेल्जियम के खिलाफ 0–2 की हार के साथ एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2024/25 की अंक तालिका में नौवें स्थान पर फिसल गई है। मेजबान टीम के लिए अम्ब्रे बालेनगिएन (40′) और लिएन हिलेवार्ट (43′) ने गोल किए, जिससे बेल्जियम ने अंक तालिका में तीसरा स्थान बरकरार रखा।

शनिवार को 1–5 की करारी हार के बाद भारत ने इस मुकाबले की शुरुआत आक्रामक इरादों के साथ की। पहले क्वार्टर में पेनल्टी कॉर्नर भी अर्जित किया गया, लेकिन गोल में तब्दील नहीं हो सका। वहीं, बेल्जियम को मिले एक पेनल्टी स्ट्रोक को भारत की वीडियो रेफरल के जरिए लॉन्ग कॉर्नर में बदल दिया गया, जिससे भारत राहत में रहा।

दूसरे क्वार्टर में कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में भारतीय फॉरवर्ड्स ने गति और साहस के साथ अटैकिंग की कोशिशें तेज कीं। हाफ टाइम तक मुकाबला बराबरी पर था — भारत के पास दो और बेल्जियम के पास एक पेनल्टी कॉर्नर था। दोनों टीमों की सर्कल एंट्रीज़ भी लगभग समान (भारत 8, बेल्जियम 10) थीं।

लेकिन तीसरे क्वार्टर में खेल का रुख बदल गया। बेल्जियम ने एक पेनल्टी कॉर्नर पर बालेनगिएन के पहले प्रयास को भारतीय गोलकीपर सविता ने रोक तो लिया, लेकिन रिबाउंड पर बेल्जियम ने गोल कर बढ़त ले ली। कुछ ही मिनटों में एक और पेनल्टी कॉर्नर पर हिलेवार्ट ने सटीक डिफ्लेक्शन के साथ स्कोर 2-0 कर दिया।

चौथे क्वार्टर में भारत ने वापसी की भरपूर कोशिश की। दीपिका, ज्योति, नेहा, सलीमा, नवनीत और रुतुजा ने मौके बनाए, लेकिन कोई भी प्रयास गोल में तब्दील नहीं हो सका। भारत ने मैच में 22 सर्कल एंट्रीज़ कीं — जो बेल्जियम के बराबर थीं — लेकिन कन्वर्ज़न की कमी ने टीम को एक और हार थमा दी।

भारत ने इस सीजन अब तक सिर्फ दो जीत हासिल की है और टीम को अब रिलिगेशन से बचने के लिए अगली सीरीज में चीन के खिलाफ दोनों मैच जीतना जरूरी होगा। टीम के सामने अब मनोबल और रणनीति दोनों की कड़ी परीक्षा है।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights