प्रयागराज, 18 फरवरी । मुख्यालय पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश सब एरिया के तत्वावधान में बुधवार को मिलिट्री हॉस्पिटल, प्रयागराज द्वारा पूर्व सैनिकों हेतु बहु विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
रक्षा मंत्रालय, प्रयागराज के पीआरओ देबर्थो धर ने कहा कि यह आयोजन भारतीय सेना की अपने पूर्व सैनिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करता है। उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिकों की बढ़ती स्वास्थ्य आवश्यकताओं विशेषकर निवारक जांच, विशेषज्ञ परामर्श एवं प्रारम्भिक निदान को ध्यान में रखते हुए यह शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एक ही स्थान पर बहु विषयक एवं समग्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे समयबद्ध एवं सुलभ उपचार सुनिश्चित हुआ।
पीआरओ ने बताया कि इस शिविर से 500 से अधिक पूर्व सैनिकों ने लाभ प्राप्त किया। अस्थि रोग, नेत्र रोग, कान-नाक-गला, हृदय रोग एवं फिजियोथेरेपी विशेषज्ञों द्वारा जांच, उपचार एवं स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर का एक प्रमुख आकर्षण बेसिक लाइफ सपोर्ट प्रशिक्षण रहा। जिसमें सीपीआर (वयस्क पुनर्जीवन), गला रुकने की स्थिति का प्रबंधन, हृदयाघात एवं स्ट्रोक के प्रारम्भिक लक्षणों की पहचान, सुरक्षित रोगी प्रबंधन एवं रिकवरी पोजिशन तथा आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया प्रणाली को सक्रिय करने की जानकारी प्रदान की गई।
अंत में उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण पूर्व सैनिकों को जीवनरक्षक कौशल से सशक्त बनाते हुए सामुदायिक स्तर पर आपदा एवं आपातकालीन तैयारी को सुदृढ़ करता है। भारतीय सेना अपने पूर्व सैनिकों के स्वास्थ्य, कल्याण एवं सतत देखभाल के लिए प्रतिबद्ध है।
