ethji-aims-to-make-sports-acce

कानपुर, 30 मई । शहर की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एथ्जी के माध्यम से विभिन्न खेलों को मंच प्रदान किया जा रहा है, ताकि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके। यह बातें एथ्जी के संस्थापक अर्जुन गुप्ता ने पिकलबॉल प्रतियोगिता के दौरान कहीं।

खेलों को अधिक सुलभ बनाने और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से खेल समुदाय मंच एथ्जी द्वारा पिकलबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अर्जुन गुप्ता ने बताया कि उनकी संस्था विभिन्न प्रकार के खेलों को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। इसी क्रम में पिकलबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि पिकलबॉल टेनिस से मिलता-जुलता खेल है, लेकिन इसके नियम और खेलने की शैली कुछ अलग होती है। संस्था का उद्देश्य कानपुर की प्रतिभाओं को आगे लाकर उन्हें बड़े मंच उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में करीब 151 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। टूर्नामेंट का समापन रविवार को होगा। विजेता टीम को 10 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। साथ ही अन्य प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

संस्था के सह-संस्थापक माधव महाना ने कहा कि एथ्जी में पुरुषों के साथ-साथ महिला खिलाड़ियों को भी विशेष अवसर दिए जा रहे हैं। महिला सशक्तिकरण केवल नारों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि खेल, शिक्षा और नेतृत्व के हर क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं। कानपुर की महापौर और देश की राष्ट्रपति महिला हैं। ऐसे में खेलों में भी महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। संस्था भविष्य में महिला खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की दिशा में भी काम करेगी।

यह आयोजन महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतीश महाना के मार्गदर्शन एवं सहयोग से संपन्न हो रहा है। कार्यक्रम में अर्जुन गुप्ता, माधव महाना, पीयूष बाजपेयी, अपूर्व गुप्ता, तनव गुप्ता समेत कई खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न सहयोगी संस्थाओं का भी योगदान रहा।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights