मुजफ्फरनगर। यातायात माह नवम्बर 2025 का समापन सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन के बहुउद्देश्यीय हॉल में उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, प्रतिष्ठित नागरिक, आरटीसी आरक्षी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पूरे माह में सड़क सुरक्षा को लेकर जनपदभर में चलाए गए जागरूकता कार्यक्रमों नुक्कड़ नाटकों, लघु फिल्मों, चौपालों, स्कूलों में कार्यशालाओं और जनसंवादों का असर इस पहल पर साफ दिखाई दिया।

समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में 50 प्रतिशत तक कमी लाने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसकी पूर्ति की दिशा में मुजफ्फरनगर जिले ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि पुलिस का मकसद चालान करना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना है और यातायात नियमों का पालन इसी दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।

समापन के दौरान लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें सड़क दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, तेज गति से गाड़ी चलाने, ट्रिपल राइडिंग, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग करने के खतरों को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया। नवंबर माह में जनपद में लगातार विद्यालयों, कॉलेजों, बाजारों और चौपालों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई और दुर्घटनाएं रोकने के लिए जनपद के प्रमुख ब्लैक स्पॉटों पर सुधारात्मक कार्य भी कराए गए। इसके अलावा आगामी कोहरे के मौसम को देखते हुए वाहनों पर रिफ्लेक्टर, टेप और आवश्यक लाइट लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिससे दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सके।

समारोह का संचालन बाल कल्याण समिति से डॉ. राजीव कुमार ने किया, जिन्होंने पूरे यातायात माह के दौरान यातायात पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर कई जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। उनके नेतृत्व में विभिन्न स्कूलों में बच्चों तथा अभिभावकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया, जिसे समापन अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों और नागरिकों ने सराहा।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने यातायात माह में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों और प्रतिष्ठित नागरिकों को सम्मानित किया और सभी से अपील की कि वे स्वयं भी नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। समापन में सभी उपस्थित लोगों को “सेफ्टी प्लेज” दिलाया गया कि वे सड़क सुरक्षा को अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी समझेंगे।समारोह के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में बच्चों, पुलिस कर्मियों और आरटीसी आरक्षियों ने सड़क सुरक्षा के संदेशों के साथ भाग लिया, जिसके साथ ही यातायात माह 2025 का सफल और प्रभावशाली समापन हुआ।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, जनपद के विभिन्न थाना प्रभारियों, आरटीसी आरक्षियों, स्कूली शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और कई प्रतिष्ठित नागरिकों की उपस्थिति रही।

इसके आलावा NHAI से कोरिडोर मैनेजर प्रेम वल्ल्भ, सेफ्टी मैनेजर अश्वनी शर्मा, पीडब्लूडी के ऐ.ई डी• के तोमर, परिवहन विभाग से राजेंद्र श्रीवास्तव, आर आई रोमेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे |

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights