मुज़फ्फरनगर। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में क्रांतिकारी सुधार की दिशा में आज एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से ई-रिक्शा रूट निर्धारण व्यवस्था का शुभारंभ किया और हरी झंडी दिखाकर ई-रिक्शाओं को रवाना किया।इस नई व्यवस्था के तहत शहर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और आवासीय इलाकों में नियत रूट पर ई-रिक्शा संचालन किया जाएगा, जिससे जाम की समस्या में व्यापक कमी आने की उम्मीद है।
पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे की देखरेख में बीते तीन महीनों से इस योजना पर सतत अध्ययन, सर्वेक्षण और रूट मैपिंग की प्रक्रिया चल रही थी।जिलाधिकारी और एआरटीओ कार्यालय के सहयोग से तय रूटों को जल्द ही कलर-कोडेड ई-रिक्शा सिस्टम के तहत संचालित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को अपने रूट की पहचान में आसानी होगी और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और अधिक सुव्यवस्थित बनेगी।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि ई-रिक्शा रूट व्यवस्था से न केवल जाम से राहत मिलेगी बल्कि नागरिकों को सुरक्षित, तेज़ और समयबद्ध यात्रा अनुभव भी मिलेगा। हमारा लक्ष्य है कि मुज़फ्फरनगर को ट्रैफिक मैनेजमेंट के क्षेत्र में राज्य का आदर्श मॉडल शहर बनाया जाए।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट के अनुसार ही ई-रिक्शा का उपयोग करें, ताकि यह योजना सफल हो सके और जाम-मुक्त मुज़फ्फरनगर का सपना साकार हो।
