मुज़फ्फरनगर | जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में SIR (विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण) अभियान से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा हेतु राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विकास भवन सभागार में महत्त्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मतदाता सूची को स्वच्छ और सटीक बनाने के लिए सहयोग पर जोर दिया गया। SIR कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि SIR अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरवा रहे हैं, ताकि आगामी मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन तैयार की जा सके।जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने बीएलए को निर्देशित करें कि वे क्षेत्र के बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर गणना प्रपत्र भरवाने के कार्य में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि सही ढंग से फॉर्म भरने से मतदाता सूची की गुणवत्ता बढ़ती है और निर्वाचन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनती है।बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए और SIR अभियान में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन और राजनीतिक दलों के संयुक्त प्रयास से मतदाता सूची को और अधिक स्वच्छ, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाया जा सकता है।बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी बुढ़ाना/सहायक निर्वाचन अधिकारी कृष्ण कान्त सहित संबंधित अधिकारी, भाजपा, कांग्रेस, सपा, राष्ट्रीय लोक दल, बसपा आदि दलों के पदाधिकारी तथा जिला निर्वाचन कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
