मुज़फ्फरनगर। जिले में बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम और यूपी पावर कॉर्पोरेशन ने नेवर पेड, लॉन्ग अनपेड उपभोक्ताओं और विद्युत चोरी प्रकरणों में फंसे लोगों के लिए “बिजली बिल राहत योजना 2025-26” लागू कर दी है। यह योजना 1 दिसंबर से शुरू होकर तीन चरणों में तीन महीने तक चलेगी। जानकारी जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने दी।योजना के तहत 2 किलोवाट तक के घरेलू और 1 किलोवाट तक के वाणिज्यिक उपभोक्ता लाभ ले सकेंगे। पंजीकरण के लिए 2000 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। योजना की अवधि में लेट पेमेंट सरचार्ज (ब्याज) पर 100 प्रतिशत छूट मिलेगी।एकमुश्त भुगतान करने वालों को मूलधन में पहली बार 25 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।
वहीं बकाया राशि को मासिक बिल के साथ 750 या 500 रुपये की आसान किश्तों में जमा करने की सुविधा भी दी गई है। यदि किसी का बिल औसत से अधिक आता है, तो वह औसत खपत के आधार पर बिल जमा करने का विकल्प चुन सकेगा।विद्युत चोरी के मामलों में पंजीकरण कराने पर राजस्व निर्धारण में 50 प्रतिशत तक की छूट भी प्रदान की जाएगी।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता इसका लाभ उठा सकें। साथ ही विद्युत सखियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की निगरानी के भी निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन का कहना है कि यह योजना उपभोक्ताओं पर वित्तीय बोझ कम करने और उन्हें नई शुरुआत का अवसर देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
