मनीष अग्रवाल
सहारानपुर | आगामी छठ पूजा पर्व के अवसर पर शनिवार को पुलिस उप महानिरीक्षक, परिक्षेत्र अभिषेक सिंह द्वारा जनपद सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्रान्तर्गत मानकमऊ स्नानस्थल/घाट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी द्वारा स्थल पर की जा रही तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधों, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।डीआईजी ने मौके पर उपस्थित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को पर्व के दृष्टिगत व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आस्था से जुड़ा पर्व है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पूजा-अर्चना हेतु आते हैं। अतः उनकी सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारू व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सभी को निर्देशित किया गया कि स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की उपलब्धता, जल पुलिस की तैनाती, तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु महिला पुलिस बल की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु स्वास्थ्य विभाग एवं आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा जाए।
श्रद्धालुओं की भीड़ के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस बल पूर्ण सतर्कता के साथ ड्यूटी पर तैनात रहे। महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया की पर्व के दौरान समस्त अधिकारी व कर्मचारी संवेदनशीलता, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना से कार्य करें, ताकि छठ पूजा का पर्व सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।
