delhi-court-ai-summit-iyc

नई दिल्ली, 26 फ़रवरी । दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने एआई शिखर सम्मेलन में 20 फरवरी को अर्धनग्न प्रदर्शन करने के मामले में हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार भारतीय युवा कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं को गुरुवार को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।इससे पहले कोर्ट ने इसी मामले में युवा कांग्रेस के दो अन्य कार्यकर्ताओं की पुलिस हिरासत तीन दिन बढ़ाने का आदेश दिया। यह आदेश मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मृदुल गुप्ता ने दिया।

कोर्ट ने युवा कांग्रेस के जिन कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया उनमें सौरभ, अरबाज और सिद्धार्थ शामिल हैं। इससे पहले आज कोर्ट ने युवा कांग्रेस के अजय कुमार विमल और राजा गुर्जर की भी पुलिस हिरासत तीन दिन बढ़ाने का आदेश दिया।

पटियाला हाउस सेशंस कोर्ट ने आज ही युवा कांग्रेस के महासचिव निगम भंडारी की अग्रिम जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने निगम भंडारी की अग्रिम जमानत याचिका पर 27 फरवरी को फैसला सुनाने का आदेश दिया।

इस मामले में 24 फरवरी को कोर्ट ने युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को चार दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया था कि वो चिब को एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराए। 25 फरवरी को इस मामले में गिरफ्तार चार युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस हिरासत चार दिन और बढ़ा दिया था। चारों आरोपितों को 20 फरवरी की दोपहर भारत मंडपम में प्रदर्शन करने के दाैरान गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस ने युवा कांग्रेस के जिन चार कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किया था उनमें कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव शामिल हैं।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक इनकी गिरफ्तारी के पहले पुलिस से हाथापाई भी हुई जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इन प्रदर्शनकारियों ने पहले तो काला छाता और छपे हुए स्टिकर लेकर एआई शिखर सम्मेलन स्थल पर प्रवेश करने की योजना बनाई थी, लेकिन पकड़े जाने के डर से इन प्रदर्शनकारियों ने अपनी योजना में बदलाव किया और टी-शर्ट पहनकर आए जिसमें प्रिंटेड मैसेज था। टी-शर्ट के ऊपर इन प्रदर्शनकारियों ने स्वेटर और जैकेट पहन रखे थे। बाद में भारत मंडपम के हॉल नंबर पांच पहुंचकर प्रदर्शनकारी टी-शर्ट उतार कर उसे हवा में लहराने लगे। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अब तक युवा कांग्रेस के 11 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights