मुजफ्फरनगर। साइबर अपराधों पर प्रभावी रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर थाना स्थित साइबर हेल्पडेस्क ने सराहनीय कार्य करते हुए धोखाधड़ी का शिकार हुए एक ग्रामीण की पूरी रकम वापस कराई है। पीड़ित से ठगों द्वारा निकाली गई 30,000 रुपये की राशि शत-प्रतिशत उसके बैंक खाते में लौटाई गई, जिससे पीड़ित ने राहत की सांस ली।सूचना के अनुसार, ग्राम कसेरवा निवासी मो. नईम पुत्र इरसाद अली ने 3 दिसंबर को साइबर हेल्पडेस्क पर तहरीर दी थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी तरीके से उसके खाते से 30 हजार रुपये की ठगी कर ली है। शिकायत मिलते ही साइबर हेल्पडेस्क टीम ने तुरंत कार्रवाई की और विभिन्न तकनीकी माध्यमों से ट्रांजेक्शन को ट्रेस कर धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद 5 दिसंबर 2025 को संपूर्ण राशि पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्ध के पर्यवेक्षण में साइबर हेल्पडेस्क की यह तेज और प्रभावी कार्रवाई पुलिस की सक्रियता का उदाहरण बनी है।मुजफ्फरनगर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रलोभन, लिंक या संदिग्ध कॉल पर विश्वास न करें। अपने एटीएम पिन, ओटीपी, सीवीवी व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या साइबर सेल मुजफ्फरनगर (9454401617) अथवा निकटतम साइबर हेल्प सेंटर से संपर्क करें।
