नई दिल्ली, 29 अगस्त । दिल्ली स्थित आदर्श नगर थाना पुलिस ने शनिवार को केमिकल कारोबारी के 23.60 लाख रुपये की कथित हेराफेरी के मामले का खुलासा किया और आरोपित कर्मचारी अर्जुन शर्मा (37) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार उसके पास से 20.80 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटर और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपित का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उन्होंने बताया कि अशोक विहार निवासी शिकायतकर्ता का लालबाग क्षेत्र में केमिकल का कारोबार है। 21 अगस्त को उन्होंने अपने कर्मचारी अर्जुन शर्मा को सरस्वती विहार (सी-522) स्थित एक कारोबारी पार्टी से 23.60 लाख रुपये लाकर बैंक में जमा कराने के लिए भेजा था। अर्जुन ने सुबह करीब 10:30 बजे रकम तो ले ली लेकिन बैंक जाने के बजाय अपना मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया। काफी तलाश के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब कारोबारी ने आदर्श नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने 24 अगस्त को मामला दर्ज किया। आरोपित को पकड़ने के लिए एएसआई गोपाल कृष्ण, हेड कांस्टेबल संदीप, हेड कांस्टेबल लीला राम और कांस्टेबल धर्मेंद्र की एक विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपित ने पुलिस और मालिक से बचने के लिए अपने पुराने फोन नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट्स पूरी तरह बंद कर दिए थे। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और फील्ड इंटेलिजेंस के जरिए उसके एक्टिवा की गतिविधियों को ट्रैक किया। इस दौरान पता चला कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए जयपुर, चंडीगढ़ और मनाली तक भागा था।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपित अर्जुन को दबोच लिया और उसके पास से 20.80 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए। पुलिस अब शेष 2.80 लाख रुपये की बरामदगी के लिए आरोपित से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फरारी के दौरान उसे किसी अन्य व्यक्ति ने शरण या वित्तीय मदद तो नहीं दी थी।
