मुख्यमंत्री गुप्ता श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के 99वें वार्षिकोत्सव और पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रही थीं। कॉलेज के श्रीधर आडिटोरियम में आयोजित वार्षिक समारोह में शिक्षकों, विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों के साथ मुख्यमंत्री ने अपने कॉलेज के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली को ज्ञान और शिक्षा की राजधानी बनाकर विश्व मानचित्र पर उसकी पहचान स्थापित करने का हमारा संकल्प है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉलेज के दिनों में डूसू की अध्यक्ष रहते हुए एक प्रदर्शन में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। उस समय भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आज भी वही जज्बा उनके साथ है। वे अब और भी दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने अपने इरादों को जाहिर करते हुए कहा कि वे किसी आसुरी शक्ति से डरने वाली नहीं हैं। उन्हें तूफानों से लड़ने की आदत है और दिल्ली की जनता मेरी सबसे बड़ी ताकत है। आज मेरे पास दिल्ली की जनता का स्नेह और आशीर्वाद है। इसको देखते हुए वे और भी दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने समारोह में अपनी प्राथमिकताओं और विकसित दिल्ली के संकल्प को भी दोहराया और कहा कि दिल्ली को विश्वस्तरीय शैक्षणिक हब बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हमारे पास इतने अच्छे कॉलेज और यूनिवर्सिटी हैं। अब जरूरत है कि हम बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक सुविधाएं और विश्वस्तरीय फैकल्टी उपलब्ध कराएं, ताकि छात्र विदेश जाने के बजाय यहीं रहकर अपने करियर और देश का भविष्य संवारें। उन्होंने दिल्ली सरकार की उस दृष्टि को सामने रखा जिसमें शिक्षा, नवाचार और युवाओं की ताकत के माध्यम से दिल्ली को विश्व पटल पर अग्रणी बनाने का संकल्प है। उन्होंने कॉलेज विद्यार्थियों से कहा कि देश की प्रगति में हर व्यक्ति की भूमिका अहम है। यह देश केवल सरकारों के सहारे आगे नहीं बढ़ सकता। हर नागरिक, हर छात्र, हर प्रोफेसर, हर फैकल्टी सदस्य को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। हमें केवल अपने लिए नहीं, बल्कि अपने समाज और अपने राष्ट्र के लिए भी सोचना होगा। एक छोटा सा काम भी जब देश के नाम किया जाता है, तो उसका असर बहुत बड़ा होता है।

मुख्यमंत्री ने एसआरसीसी को केवल दिल्ली विश्वविद्यालय का ही नहीं, बल्कि पूरे एशिया का सर्वश्रेष्ठ कॉमर्स कॉलेज बताते हुए कहा कि इस संस्थान ने अकादमिक्स, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights