मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत मुजफ्फरनगर में निःशुल्क कोचिंग हेतु विषय विशेषज्ञों से आवेदन आमंत्रित

मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा जनपद मुजफ्फरनगर में सिविल सर्विस, जेईई, नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग संचालित की जाएगी। इस योजना के तहत सत्र 2025–26 के लिए योग्य और अनुभवी विषय विशेषज्ञों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला समाज कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि इच्छुक प्रवक्ता अपने शैक्षिक योग्यता और अनुभव प्रमाण पत्रों सहित आवेदन 28 अक्तूबर 2025, सांय 5 बजे तक कार्यालय, जिला समाज कल्याण अधिकारी, मुजफ्फरनगर में प्रस्तुत कर सकते हैं। चयनित विषय विशेषज्ञों को प्रति व्याख्यान (90 मिनट) के लिए 2000 रूपये अथवा शासनादेशानुसार निर्धारित मानदेय का भुगतान किया जाएगा। विषय विशेषज्ञों का चयन जिला स्तरीय विशेषज्ञ चयन समिति की अनुशंसा पर परीक्षण या ट्रायल लेक्चर के बाद किया जाएगा।

सिविल सेवा कोचिंग के लिए विश्वविद्यालय या राजकीय डिग्री कॉलेजों के शिक्षक, अथवा वे अभ्यर्थी जो IAS मुख्य परीक्षा, PCS साक्षात्कार या दो बार PCS मुख्य परीक्षा में सम्मिलित हो चुके हैं, आवेदन कर सकते हैं। नीट के लिए संबंधित विषय में एम.एससी. प्रथम श्रेणी या एम.बी.बी.एस. डिग्री आवश्यक है, जबकि जेईई के लिए एम.एससी. प्रथम श्रेणी, एम.टेक या बी.टेक डिग्री धारक आवेदन कर सकते हैं। सामान्य हिंदी और अंग्रेजी विषय के लिए परास्नातक डिग्री के साथ कम से कम तीन वर्ष का अध्यापन अनुभव होना आवश्यक है।

विषयवार विवरण में सिविल सेवा (UPSC/UPPSC) के लिए इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, CSAT (हिंदी, अंग्रेजी, गणित), पर्यावरण एवं आपदा प्रबंधन, करेंट अफेयर्स, नीतिशास्त्र, भारतीय राज्य व्यवस्था, विज्ञान और तकनीकी, समाज और अंतरराष्ट्रीय संबंध शामिल हैं। नीट एवं जेईई के लिए भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित विषय हैं।

अधिक जानकारी के लिए उपेन्द्र पाण्डेय (कोर्स कोऑर्डिनेटर) से मोबाइल नंबर 9452405715 पर संपर्क किया जा सकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights