मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात में वांछित ₹20 हजार का इनामी बदमाश सादाब गिरफ्तार कर लिया गया। गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटे गए चांदी के आभूषण और अवैध तमंचा बरामद किया है।
14 सितंबर को कस्बा बुढ़ाना निवासी सर्राफ नेमचंद वर्मा अपने पौत्र के साथ दुकान जा रहे थे, तभी बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनका बैग लूट लिया था। बैग में सोने-चांदी के जेवर, चार हजार रुपये और मोबाइल फोन था। इस वारदात के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि सादाब फरार चल रहा था।रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि वांछित बदमाश विज्ञाना मार्ग पर मौजूद है। घेराबंदी करने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी और गन्ने के खेत में छिपने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके पर दबोचे गए आरोपी के पास से चांदी के आभूषण, पाजेब, गले का पेंडल, आठ जोड़ी बिछुए और एक तमंचा बरामद हुआ।गिरफ्तार बदमाश सादाब निवासी मंदवाड़ा ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने भाई महताब उर्फ कल्लू के साथ मिलकर लूट को अंजाम दिया था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी मुजफ्फरनगर ने ₹20 हजार का इनाम घोषित कर रखा था।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी सुभाष अत्री के नेतृत्व में की गई।
