मुजफ्फरनगर | दीपावली की रात मुजफ्फरनगर के फुगाना गाँव में मोमबत्ती बांटने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों ओर से चाकू, बल्लम और अन्य धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव फैल गया।
सूचना मिलते ही फुगाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने कई घायलों को मेरठ रेफर कर दिया।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 12 घंटे के भीतर घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर दो धारदार हथियार (बल्लम) भी बरामद किए गए हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित पुत्र अमरपाल (20 वर्ष), बादल पुत्र विक्रमपाल (22 वर्ष) और संदीप पुत्र मदनपाल (19 वर्ष) निवासी फुगाना के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र गौड़, सुनील कुमार, राकेश कुमार, कॉन्स्टेबल अजय कुमार, अमित कुमार और महिला कॉन्स्टेबल मनतेश कुमारी शामिल रहे।पुलिस का कहना है कि गांव में अब स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
