नयी टीम से 2027 के विधानसभा चुनावों को साधेगी भाजपा
नैनीताल, 16 फ़रवरी (हि.स.)। निकाय चुनावों में मिली सफलता के बाद उत्साह से लवरेज सत्तारूढ़ भाजपा यानी भारतीय जनता पार्टी इन दिनों अपने सांगठनिक चुनाव के तहत नयी टीम बनाने में लगी हुई है। नगर मंडल से शुरू कर जिला, प्रदेश एवं केंद्रीय इकाई में परिवर्तन होना है। इस प्रक्रिया में पहली बार देखा जा रहा है कि भाजपा पहली बार सामान्य वर्ग के साथ अनुसूचित जाति, ओबीसी व महिला आदि वर्गों में अलग-अलग अपने कार्यकर्ताओं से दावेदारी करने को कह रही है।
इससे संकेत मिल रहे हैं कि भाजपा अपने संगठन के भीतर हर वर्ग का नेतृत्व उभारना चाहती है, क्योंकि कई स्थानों पर नगर निकाय चुनावों में उसे तय आरक्षित वर्ग के प्रत्याशी नहीं मिल पाये थे और इस कारण पार्टी की एक हद तक किरकिरी भी हुई थी। इस कवायद से पार्टी की कोशिश आरक्षित वर्ग में अपनी पैठ को बढ़ाना भी हो सकता है।
दूसरे, यह भी तय माना जा रहा है कि नयी टीम 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत सामाजिक समीकरणों को साधते हुए गठित की जाएगी, क्योंकि इसी टीम के कार्यकाल में आगामी विधानसभा चुनाव होंगे। ऐसे में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी ऐसे कार्यकर्ता को ही दी जाएगी जो संघ, संगठन और सीएम यानी भाजपा की पितृ संस्था राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, भाजपा संगठन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पसंदीदा होगा या कम से कम जिसके नाम पर इन तीनों को आपत्ति नहीं होगी। हालांकि कुछ मामलों में पूरे जनपद और प्रदेश के समीकरणों को देखते हुए जातीय आधार पर किसी अनपेक्षित आरक्षित वर्ग के या महिला चेहरे के नाम पर भी अध्यक्ष पद की लॉटरी निकल सकती है। अलबत्ता अ इससे यह तय लग रहा है कि पार्टी के मूल नेताओं यानी इधर हाल में पार्टी में अन्य दलों आये कार्यकर्ताओं के अधिक अध्यक्ष बनना आसान नहीं होगा।
नैनीताल मंडल दो हिस्सों में बंटा
नैनीताल। भाजपा के सांगठनिक चुनाव में नैनीताल मंडल नैनीताल और नैनीताल ग्रामीण मंडल में बंट गया है। दोनों मंडलों के लिये नैनीताल क्लब में पार्टी के पर्यवेक्षक कमलेंदु सेमवाल, योगेश रजवार आदि ने रायशुमारी की और दावेदारों से अपने अलावा एक अन्य योग्य दावेदार का नाम तथा गैर दावेदारों से दो योग्य दावेदारों के नाम पूछे और इस आधार सर्वाधिक पसंदीदा 3 दावेदारों का पैनल तैयार किया है। हालांकि सूत्रों की मानें तो सर्वाधिक पसंदीदा दावेदारों से इतर भी जातीय या महिला-पुरुष के समीकरण के आधार गैर वरीयता प्राप्त दावेदार को भी पद की जिम्मेदारी मिल सकती है। बहरहाल प्रमुख दावेदारों की बात करें तो नैनीताल मंडल से नितिन कार्की, भूपेंद्र बिष्ट, आशीष बजाज, हरीश राणा, नवीन जोशी, विश्वकेतु वैद्य, रोहित भाटिया, मीरा बिष्ट, रचित तिवारी व संतोष कुमार तथा नैनीताल ग्रामीण मंडल के लिये लाल सिंह बिष्ट और सुरेश उप्रेती के नाम शामिल हैं। पर्यवेक्षकों को बंद लिफाफों के साथ देहरादून भी बुला लिया गया है।