bjp-leader-attacked-over-old-rivalry-condition-cri

कानपुर, 18 फरवरी । उत्तर प्रदेश के कानपुर में रावतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देर रात पुरानी रंजिश के चलते भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष और दबंग युवक के बीच मारपीट हो गई। गुस्साए युवक ने भाजपा नेता पर एक के बाद एक चाकुओं से कई वार किए। इसके बाद पीठ पर गोली मार दी। यह सारी घटना वहीं पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आनन-फानन में घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।

भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष सोनू राठौर नवाबगंज स्थित सिगनेचर सिटी के पास रहते हैं। परिवार में मां रज्जो देवी और बड़ा भाई सौरभ हैं। इसके अलावा छपेड़ा पुलिया पर उनकी पूजन सामग्री की दुकान है। परिजनों ने बताया कि मंगलवार देर रात सोनू रावतपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहीं से छपेड़ा पुलिया स्थित दुकान से होते हुए वापस घर आ रहे थे।

इसी बीच अभिषेक विश्वकर्मा अपने दो अन्य साथियों के साथ घटनास्थल पर पहले से मौजूद था। उसने सोनू का रास्ता रोका और फिर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद पीठ पर गोली मारकर उसे लहूलुहान कर मौके से फरार हो गया। घटना वहीं पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

आनन-फानन घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे हैलट रेफर कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों में लंबे समय से दुकान को लेकर विवाद चल रहा था, इसी के चलते यह हमला किया गया।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपित अभिषेक विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights