राजघाट थानाक्षेत्र के साहबगंज स्थित रकाबगंज मोहल्ले में मंगलवार दोपहर मकान कब्जा करने के लिए भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के नेता ने साथियों संग धावा बोल दिया। मकान में रह रहे परिवार के लोगों ने विरोध किया तो मारपीट की गई।
राजघाट थाना पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेता समेत 100 लोगों पर बलवा, मारपीट व धमकी देने का केस दर्ज किया है।
रकाबगंज मोहल्ले के रहने वाले विजेंद्र गुप्ता ने राजघाट थाना पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि मंगलवार की दोपहर भाजपा से जुड़े व्यापारी नेता उमेश अग्रहरी व युवा मोर्चा के पदाधिकारी अपने साथियों संग उनके घर पहुंचे। मकान में ये लोग जबरन घुसने लगे। परिवार के लोगों ने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। मोहल्ले के लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
वीडियो में दिख रहा है कि कब्जा करने पहुंचे लोग अपनी छत से वीडियो बना रहे युवक को धमका भी रहे हैं। सीओ कोतवाली गौरव त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। फुटेज के जरिए अन्य के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights