हैदराबाद में पुलिस ने भाजपा के निलंबित विधायक टी राजा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह मामला रामनवमी जुलूस के दौरान विवादास्पद बयान के लिए दर्ज किया गया है। अफजलगंज पुलिस ने यह केस आईपीसी की धारा 153-ए और 506 के तहत दर्ज किया है। मामला एसआई जे वीरा बाबू की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। एसआई के मुताबिक वह एसए बाजार में कानून-व्यवस्था की निगरानी के लिए तैनात थे। इसी दौरान भाजपा के निलंबित विधायक ने रामनवमी के दिन वहां पर रैली को संबोधित किया था।

एसआई ने बताया कि टी राजा सिंह की रैली शंकर शेर होटल के करीब हो रही थी। उनका बयान कांस्टेबल कीर्ति कुमार द्वारा वीडियो कैमरे पर रिकॉर्ड किया गया था। मामले में एसएचओ एम रविंदर रेड्डी को जांच अधिकारी बनाया गया है। राजा सिंह की शोभायात्रा सुबह नौ बजे एसए बाजार पहुंची थी। हाथी पर सवार नेता ने अपना भाषण हिंदी में दिया था। बता दें कि टी राजा सिंह पहले भी अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। ऐसे ही एक बयान में उन्होंने कहा था कि अगर भारत हिंदू राष्ट्र बन जाता है तो यहां केवल उन्हीं लोगों को वोट डालने का अधिकार मिलेगा जो हम दो, हमारे दो यानी दो बच्चों की पॉलिसी को मानेंगे।

टी राजा सिंह ने कहा था कि हमारे संतों ने तस्वीर तैयार करनी शुरू कर दी है कि हिंदू राष्ट्र कैसा दिखना चाहिए। उन्होंने कहा था कि इसका संविधान भी तैयार किया जाता रहा है और हिंदू राष्ट्र की राजधानी दिल्ली नहीं होगी। काशी, मथुरा या अयोध्या में किसी एक जगह का राजधानी के रूप में चुनाव किया जाएगा। इतना नहीं नहीं, उन्होंने यह भी कहा था कि हिंदू राष्ट्र किसानों के लिए टैक्स फ्री होगा और उसमें गौ हत्या और धर्म परिवर्तन जैसी चीजों के लिए कोई जगह नहीं होगी। इसके अलावा निलंबित विधायक के खिलाफ मुंबई पुलिस ने भी हेट स्पीच का मामला दर्ज किया था। यह केस जनवरी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिए गए भाषण के लिए दर्ज किया गया था। टी राजा सिंह ने मुंबई में 29 जनवरी को आयोजित सकल हिंदू समाज रैली के आयोजन में हिस्सा लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights