बढ़ते जलस्तर का किया निरीक्षण, किसानों और ग्रामीणों को दिया भरोसा, हर जरूरत पर प्रशासन रहेगा साथ
मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार बढ़ रहे जलस्तर और बाढ़ की आशंका के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में सदर उपजिलाधिकारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों का लगातार दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों और किसानों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं तथा राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रवीण कुमार द्विवेदी ने नदी और नालों के बढ़ते जलस्तर, तटबंधों की स्थिति तथा जलभराव वाले क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में राहत कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक संवेदनशील क्षेत्र पर लगातार निगरानी रखी जाए।
ग्रामीणों से बातचीत के दौरान उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित किसानों और परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील भी की।
निरीक्षण के दौरान राहत सामग्री की उपलब्धता, सुरक्षित स्थानों की व्यवस्था, पशुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आवश्यक संसाधनों की भी समीक्षा की गई। प्रशासनिक टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात कर्मचारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बाढ़ की चुनौती के बीच प्रशासन की सक्रियता से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों में भरोसा बढ़ा है। लगातार फील्ड में मौजूद रहकर हालात की निगरानी करना और मौके पर समस्याओं का समाधान कराने की पहल प्रशासन की तैयारियों को मजबूत करती नजर आ रही है। प्रशासन का कहना है कि जनपद में बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों को और तेज किया जाएगा, ताकि किसी भी नागरिक को कठिनाई का सामना न करना पड़े।
