मुज़फ्फरनगर | आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र परिवारों को अधिकतम लाभ दिलाने के लक्ष्य के साथ जनपद मुज़फ्फरनगर में 25 नवम्बर से 25 दिसम्बर तक विशेष पखवाड़ा चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जनपद में आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान को तेज गति से संचालित करने के निर्देश दिए।CMO ने बताया कि 2011 के SECC सर्वेक्षण में चिन्हित परिवार, अंत्योदय राशन कार्ड धारक, भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिक, तथा ऐसे गृहस्थी राशन कार्ड धारक जिनके परिवार में छह या उससे अधिक सदस्य हैं—सभी आयुष्मान कार्ड बनवाने के पात्र हैं। इसके अलावा 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक भी आसानी से अपना कार्ड बनवा सकते हैं।
आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा जिला चिकित्सालय, सभी ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्रत्येक पंचायत भवन में तैनात पंचायत सहायकों, आयुष्मान मित्रों तथा जन सेवा केंद्रों पर उपलब्ध है। लाभार्थी चाहें तो स्वयं भी ऑनलाइन आवेदन कर कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।डॉ. तेवतिया ने बताया कि इस विशेष पखवाड़े के दौरान छूटे हुए सभी पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उनके आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक परिवार निःशुल्क उपचार सुविधा का लाभ ले सकें। सभी चिकित्सा इकाइयों को इस अभियान को प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि जो भी परिवार योजना की पात्रता में आते हों, वे शीघ्र निर्धारित केंद्रों पर जाकर अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएँ। किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला शिकायत निवारण अधिकारी शौजब जैदी से मोबाइल नंबर 7909900865 पर संपर्क किया जा सकता है।
