औरैया, 13 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना तहसील के बेला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नुनारी में एक युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 32 वर्षीय मोहित चतुर्वेदी के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई ।
गुरुवार देर रात मोहित ने अपने घर के कमरे में प्लास्टिक की केबल से फंदा बनाकर पंखे के हुक से लटककर जीवन लीला समाप्त कर ली। जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई, तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस को अवगत कराया।
मृतक के पिता रामस्वरूप उर्फ सुरेश चंद्र चतुर्वेदी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर बेला थाना प्रभारी गंगादास गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए औरैया स्थित मोर्चरी भेज दिया।
थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण पति-पत्नी के बीच चल रहा आपसी विवाद सामने आया है। बताया गया कि मोहित का विवाह दो वर्ष पूर्व जनपद कन्नौज के तिर्वा क्षेत्र स्थित ग्राम शीतलपुर निवासी शिवानी से हुआ था। पिछले कुछ समय से विवाद के चलते पत्नी मायके में रह रही थी, जिससे मोहित मानसिक तनाव में था।
इकलौते बेटे की असमय मृत्यु से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
