कानपुर, 14 जून । मोदी सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलनों के माध्यम से विकसित भारत-2047 के संकल्प को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा की प्राथमिकता है। यह बातें रविवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 16 एवं 17 जून को कानपुर समेत क्षेत्र के सभी जिलों में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर नौबस्ता स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
प्रकाश पाल ने बताया कि क्षेत्र के सभी जिलों में मीडिया संवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं और अब जनसंपर्क एवं जनकल्याण आधारित कार्यक्रमों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आज से 16 जून तक प्रत्येक ब्लॉक और मंडल स्तर पर जन कल्याण शिविर लगाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जिन लोगों तक अभी तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पाया है, उन्हें चिन्हित कर शिविरों तक लाने और लाभ दिलाने का कार्य पूरी निष्ठा से किया जाए।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि 16 जून को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद अनुराग ठाकुर कानपुर उत्तर जिले में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वहीं 17 जून को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कानपुर दक्षिण जिले के प्रवास पर रहेंगे और प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के साथ संवाद करेंगे।
सम्मेलनों में मोदी सरकार के 12 वर्षों के जनकल्याणकारी कार्यों, भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, युवा कल्याण, आधारभूत संरचना विकास तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प पर चर्चा की जाएगी। संगठन की ओर से शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, उद्योगपतियों, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता, पवन प्रताप सिंह, पवन पांडेय, मोहित सोनकर, आलोक शुक्ला, अर्शी सुल्तान, मनु सिंह सहित क्षेत्रीय टोली के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
