उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में ‘एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स’ (ANTF) ने सैटेलाइट पुल से तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की मॉर्फिन (एक तरह का मादक पदार्थ) बरामद की है और मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनीता चौहान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद एएनटीएफ टीम ने घेराबंदी कर तस्करों को सैटेलाइट पुल से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि उनके कब्जे से दो मोबाइल, 520 रुपये और 715 ग्राम मॉर्फिन बरामद की गई जिसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सीओ ने बताया कि आरोपियों की पहचान कटरा चांद खां निवासी संचित शर्मा, मोहित मौर्य उर्फ शूटर और जगतपुर निवासी हर्ष गुप्ता उर्फ सुनार के रूप में हुई। उन्होंने कहा कि पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे मॉर्फिन मणिपुर से खरीदकर ट्रेन से लाते थे और दिल्ली, मुंबई और उत्तर प्रदेश में बेच देते। बारादरी पुलिस ने तस्करों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आपको बता दें कि इससे पहले नोएडा पुलिस ने ड्रग्स सप्लाई करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया था। यह गैंग नोएडा के विभिन्न कॉलेज और यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को ड्रग्स सप्लाई करता था। गैंग ऑनलाइन माध्यम से ऑर्डर लेकर कई प्रकार के नशीले पदार्थ कॉलेज परिसर में पहुंचाता था। पुलिस ने कई ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया। इनमें से कई प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी के छात्र भी हैं। पुलिस ने बताया कि ड्रग्स की सप्लाई करने वाले 9 तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights